इटावा। सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रेम नगर एसडी फील्ड स्थित अपने मकान में वरिष्ठ अधिवक्ता ने सोमवार रात कमरा बंद कर अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। पुलिस की माने तो परिजनों से पूछताछ में अधिवक्ता के तनाव में रहने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एसडी फील्ड चौकी के अंतर्गत मकान नंबर 2 प्रेम नगर में रहने वाले 63 वर्षीय अधिवक्ता दिनेश कुमार सिंह ने सोमवार देर रात्रि लगभग साढ़े 10 बजे अपने घर के कमरे में खुद को बंद कर लिया। इसके बाद लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। गर्दन से सटाकर मारी गई गोली से उनका आधा सिर फट गया। देर रात हुई इस घटना से परिजनों में हाहाकार मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुबह पोस्टमॉर्टम करवाया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिटी डॉ. रामयश सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार अधिवक्ता लंबे समय से डिप्रेशन में थे और वकालत भी ठीक नहीं चल रही थी। अभी परिजनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शहर कोतवाल बचन सिंह सिरोही व फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करके साक्ष्य जुटाए।