इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के रितौर गांव में सोमवार रात रंजिश में युवक की हत्या के बाद से तनाव है, यहां पुलिस तैनात कर दी गई है। मंगलवार को पुलिस के पहरे में अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सभी आरोपी फरार हैं।
रीतौर गांव में सोमवार रात को भानु प्रताप भदौरिया उर्फ बबलू (40) की रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बड़े भाई उदय प्रताप ने देर रात गांव के रामू पुत्र विपिन तिवारी, नारायण भदौरिया पुत्र अभिलाख सिंह, अनुज भदौरिया पुत्र रवि भदौरिया और मोहित भदौरिया पुत्र लखपत भदौरिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। तहरीर में उदय ने बताया कि बबलू सोमवार रात करीब आठ बजे घर के बाहर टहल रहे थे।
इस दौरान उधर से निकले रामू से बबलू ने नारायण भदौरिया का साथ छोड़ने को कहा। आरोप है कि इस बात से खफा रामू नारायण, अनुज व मोहित को बुला लाया और बबलू के साथ मारपीट कर दी। इसी दौरान नारायण भदौरिया ने तमंचे से बबलू को गोली मार दी। इसके बाद हमलावर भाग निकले। बबलू की हत्या से गांव में तनाव है। बबलू के घर के बाहर रात में ही पुलिस लगा दी गई।
मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव गांव ले जाया गया। शव के साथ पांच दरोगा और 10 सिपाही भी गांव पहुंचे। दोपहर करीब 3:30 बजे बबलू की पत्नी शिवानी 15 वर्षीय बेटे रौनक के साथ चार पहिया वाहन से गांव पहुंची। शिवानी सीआरपीएफ में सबइंस्पेक्टर पद पर दिल्ली में तैनात हैं। पत्नी और बेटे के पहुंचने के साथ बबलू की अर्थी उठाई गई। खेत पर बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी। बबलू के घर के बाहर एक दरोगा और दो सिपाही लगा दिए गए हैं। सभी आरोपी फरार हैं, उनके घर में केवल महिलाएं ही मौजूद हैं। थानाध्यक्ष समीर कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों मेें लंबे समय से विवाद चल रहा है।