ताखा। नगला दुली में हुई 20 लाख की चोरी के मामले में एसओजी टीम जांच करने गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। वहीं, सर्विलांस टीम ने गांव में वारदात के वक्त सक्रिय मोबाइल नंबरों की लिस्ट निकालकर जांच शुरू की है।
ऊसराहार क्षेत्र के नगला दुली गांव में छह सितंबर की रात को तीन घरों में चोर घुस गए थे। दो घरों से चोरों ने 20 लाख रुपये का माल पार कर लिया था। वहीं, एक घर से चोरों को खाली हाथ लौटना पड़ा था। गुरुवार को जांच के दौरान एसओजी टीम ने पीड़ितों और ग्रामीणों से पूछताछ की। टीम ने ग्रामीणों से वारदात से पहले गांव के आसपास किसी संदिग्ध के बारे में जानकारी ली। सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंच कर 200 से अधिक मोबाइल नंबरों की लिस्ट निकाली है। टीम अब इन नंबरों की पड़ताल कर ऐसे नंबर तलाश रही है, जिनकी घटना की रात लोकेशन बदली थी। वहीं, पीड़ित अजयपाल सिंह उर्फ संतोष कुमार फौजी ने बताया कि वे दो बार थाने गए, लेकिन वहां उनकी एक नहीं सुनी गई। उलटा पुलिस ने यह कहकर भगा दिया कि तुम्हारा भाई हिस्ट्रीशीटर है और वह इस घटना से जुड़ा हुआ है। एसओजी प्रभारी अनिल कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। जल्द चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।