सैफई। रनुवा ग्राम पंचायत में वोट न देने पर युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने नवनिर्वाचित प्रधान और उनके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच सीओ सैफई को सौंपी गई है। भाजपा सांसद गीता शाक्य ने सोमवार को घर जाकर युवक के परिजनों से मुलाकात की।
रनुआ ग्राम पंचायत के मजरा भाऊपुर में रविवार रात करीब नौ बजे पंचायत चुनाव में वोट न देने पर मारपीट हो गई थी। इस दौरान फायरिंग भी हुई। भाऊपुर निवासी इंद्रपाल कठेरिया (27) को पेट में गोली लग गई थी। उसे पुलिस ने चिकित्सा विश्वविद्यालय सैफई में भर्ती कराया।
घायल के भाई विजय पाल ने सैफई थाने में दी तहरीर में नवनिर्वाचित प्रधान राघवेंद्र उर्फ वीपी और उनके पिता मुरारीलाल पर मारपीट करने व गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने धारा 307 और एससी/एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच सीओ सैफई राकेश वशिष्ठ को सौंपी गई है। सीओ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रहीं हैं। युवक की हालत में सुधार बताया गया है।
परिजनों ने मिलीं सांसद गीता शाक्य
सैफई। वोट न देने पर युवक को गोली मारने की जानकारी होने सोमवार को भाजपा की राज्यसभा सांसद गीता शाक्य भाऊपुर गांव पहुंचीं। उन्होंने घायल युवक के परिवार के लोगों से जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। मुकेश यादव, प्रशांत मिश्रा, विवेक शाक्य, जबर सिंह शाक्य भी सांसद के साथ रहे। (संवाद)