इटावा। भरथना कस्बे में एक दुकान के सामने खड़ी शिक्षक की बाइक की डिकी से बृहस्पतिवार दिनदहाडे़ बाइक सवार दो बदमाश 70 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस बदमाशों को तलाश कर रही है।
क्षेत्र के गांव सहजपुर निवासी राकेश बाबू पुत्र मिश्री लाल बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे आजाद रोड स्थित आर्य श्यामा बालिका इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्हें बाइक एक दुकान के सामने खड़ी कर दी और भतीजी का एडमिट कार्ड लेने पास के जनसेवा केंद्र में चले गए। इसी दौरान बाइक पर आए दो बदमाश उनकी बाइक की डिकी का लॉक तोड़ा। झोले में रखे 70 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। लौटने पर राकेश को जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कस्बा चौकी प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने जांच पड़ताल की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल की गई।
राकेश बाबू ने बताया कि वह भैसाई गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। प्लाट में मिट्टी भराई के लिए एसबीआई बैंक की मंडी शाखा से अपने खाते से 70 हजार रुपये निकाले। रुपयों को कपडे़ के झोले में डालकर बाइक की डिकी में रख लिए थे।
जनसेवा केंद्र से भतीजी का एडमिट कार्ड निकलवाने के लिए बाइक खड़ी कर गए थे। तभी वारदात हुई। चौकी प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है मामले की छानबीन की जा रही है।