इटावा। सेवानिवृत्त शिक्षक की मोपेड की डिकी से दो लाख रुपये चोरी हो गए। सेवानिवृत्त शिक्षक ने ये रुपये क्षेत्र के एसबीआई बैंक की शाखा से निकाले थे। पीड़ित शिक्षक ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
ग्राम ऊमरसेंडा निवासी सेवानिवृत्त अध्यापक राजाराम पुत्र परशराम ने बताया कि शुक्रवार को भरथना की एसबीआई शाखा मंडी समिति में संचालित अपने बचत खाते से दो लाख रुपये निकाले थे। रुपयों से भरे बैग को पुत्र सत्यवीर के साथ मोपेड की डिकी में रख दिया था। इसके बाद मोपेड से भरथना-ऊसराहार मार्ग स्थित एक गेस्ट हाउस में दावत में शामिल होने गए। दावत खाने के बाद जब वह अपने घर पहुंचे और मोपेड की डिकी खोली तो उसमें रखे हुए रुपये गायब मिले। पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है और इस पर वह जांच कर रही है।