इकदिल(इटावा)। थाना क्षेत्र के मानिकपुर मोहन गांव स्थित ईंट के भट्ठे के पास गुरुवार सुबह भट्ठा मजदूर का शव पेड़ से लटका मिला। मजदूर रात में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। रुपये छीन कर वह घर से निकल आया था।
फतेहपुर जिले के थाना गाजीपुर चुटयानी निवासी हरिश्चंद्र (25) कई महीनों से मानिकपुर मोहन गांव स्थित भाजपा नेता रुकुम सिंह राजपूत के ईंट भट्ठे पर परिवार समेत मजदूरी करने आया हुआ था। चार दिन पूर्व परिवार के कई लोग घर चले गए। वह भट्ठे पर ही पत्नी के साथ रह रहा था। गुरुवार सुबह उसका शव पेड़ से लटकता मिला।
खेतों की ओर आ रहे ग्रामीणों ने जब भट्ठे से कुछ दूरी पर आम के पेड़ से युवक का शव दुपट्टे से लटकता देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी होने पर पत्नी मालती देवी व मृतक का साला सर्वेश ने घटनास्थल पर जाकर शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पत्नी मालती देवी ने बताया कि बुधवार की रात पति हरिश्चंद्र ने उससे शराब के लिए रुपये मांगे थे। उसने मना कर दिया तो वह झगड़ा करके रुपये छीन ले गए और भट्टे से निकल गए थे।
थाना इकदिल में मृतक के साले सर्वेश ने घटना की तहरीर दी है। एसएचओ समीर कुमार ने बताया कि मजदूर शराब पीने का आदी था। बुधवार रात में पत्नी से झगड़ा करने के बाद उसने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।