इटावा। भरथना कस्बे की गोल्ड मेडलिस्ट छात्रा प्रियंका को धमकियां मिल रही हैं। गुरुवार को घर जाकर उसे एक युवक ने धमकाया, कहा कि मुकदमे में मैं गवाह हूं। तुम्हें हाईकोर्ट पेशी के दौरान इलाहाबाद में देख लूंगा।
छात्रा प्रियंका गुप्ता वेदप्रकाश गुप्ता निवासी आजाद रोड भरथना के साथ चार नवंबर को इलाहाबाद बैंक में रुपये जमा करने के दौरान मारपीट की गई थी। इस मामले में उसने पूर्व विधायक महाराज सिंह यादव के पूर्व मुकेश यादव के खिलाफ धारा 323 में मुकदमा दर्ज कराया था।
छात्रा का आरोप है कि उस पर समझौता करने का दबाव डाला जा रहा है। समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उसने बताया कि गुरुवार को एक युवक उसके घर आया था। उसने कहा कि तुम्हें जो करना हो कर लो। बैंक में मारपीट के मामले में मैं गवाही हूं, तुम्हें हाईकोर्ट में मुकदमे के दौरान देख लूंगा।
छात्रा का आरोप है कि उसे घर से भी नहीं निकलने दिया जा रहा है। परिवार के लोगों को भी धमकाया जा रहा है। एसएसपी से मिलने इटावा जाना चाहती है लेकिन घर से निकलते ही नजर रखी जा रही है।
उधर धमकी की खबर अखबार में प्रकाशित होने पर पुलिस ने आरोपी मुकेश यादव को धारा 151 में गिरफ्तार कर लिया। उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जमानत मिल गई।