इटावा। फेसबुक पर वीडियो डालकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धमकी देने के करीब तक पुलिस पहुंच गई है। पुलिस का दावा है कि एक दो दिन आरोपी शिकंजे में आ जाएगा।
क्षत्रिय स्वाभिमान मंच के विकास भदौरिया ने शुक्रवार को एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा को शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया था कि फेसबुक पर एक युवक ने वीडियो डालकर जाति विशेष के साथ भगवान राम पर अभद्र टिप्पणी की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी है।
एसएसपी के आदेश पर बकेवर थाना पुलिस ने बकेवर थाना क्षेत्र के बहेड़ा गांव के मूल निवासी राजमणि तिवारी पुत्र अशोक तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि बहेड़ा गांव जाकर वीडियो के आधार पर ग्रामीणों पूछताछ की गई।
ग्रामीणों ने राजमणि तिवारी की पहचान कर ली थी। ग्रामीणों ने बताया था कि अशोक आगरा में परिवार के साथ रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। इसके बाद बकेवर थाने की एक टीम दूसरे दिन आगरा रवाना हो गई थी।
सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम आगरा में राजमणि के करीब तक पहुंच गई है। उसे रविवार रात या सोमवार सुबह तक दबोच लिया जाएगा। सोमवार को उसे इटावा लाया जा सकता है।