इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के बाऊथ गांव के पास रविवार सुबह फिरोजाबाद के किसान का शव बरामद हुआ। किसान ने यह खेत किराये पर लिया था और शनिवार रात में रखवाली को आया था। प्रथम दृष्टया पुलिस हार्टअटैक से मौत मान रही है।
बाऊथ गांव में रविवार सुबह आसपास क्षेत्र के लोग खेतों की ओर गए तो उन्हें वहां एक अधेड़ उम्र के किसान का शव मिला। लोगों ने उसके परिवार को सूचना दे दी। इस पर फिरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर के मई गांव निवासी विवेक कुमार पुत्र शिवदत्त मौके पर पहुंचे।
उन्होंने शव की शिनाख्त अपने चाचा रामदत्त पुत्र फौरन सिंह के रूप में की। रामदत्त भी मई गांव में रहते थे। भतीजे विवेक ने बलरई थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
उसने बताया कि उसके चाचा रामदत्त खेत किराये पर लेकर खेती करते थे। मौजा बाऊथ के नगला जोरे में भी उन्होंने जनवेद का खेत उगाही (किराये) पर लिया था। इसमें उन्होंने बाजरा की फसल बोई थी। शनिवार रात को वे घर से फसल की रखवाली के लिए आए थे।
सूचना मिलने पर जब वह रविवार सुबह खेत पर पहुंचा तो उसने अपने चाचा को मृत अवस्था में खेत की मेड़ पर पड़ा हुआ देखा। सूचना पर बलरई थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश शुक्ला, उपनिरीक्षक देवी चरण शाहू हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। मौके पर शव पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। संभव है कि मौत हार्टअटैक से हुई हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।