इटावा। बकेवर के नगला सिंह गांव में गत गुरुवार शाम छुट्टा गोवंश से एक ग्रामीण के घायल होने पर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। लाठीडंडे और पत्थरबाजी में छह-सात लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के नगलासिंह गांव निवासी दीपेंद्र पुत्र सोनेलाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि गत गुरुवार की शाम वह घर जा रहा था। तभी वह गांव के करीब छुट्टा गोवंश की चपेट में आकर घायल हो गया। उसके भाई प्रदीप को इसकी खबर मिली तो वह मौके पर पहुंचा।
इसी दौरान वहां पहले खड़े राकेश व सोनू ने उसके भाई प्रदीप को देखकर बिना वजह गालियां दीं और मारपीट कर घायल कर दिया। थाना पुलिस ने दीपेंद्र के प्रार्थना-पत्र पर राकेश, सोनू, गुड्डू, आदर्श व कमलेश निवासीगण नगलासिंह थाना बकेवर आदि अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ग्रामीणों के अनुसार इस मारपीट की खबर पर दोनों पक्षों ने अपने साथियों को दे दी। दोनों पक्ष के लोग लाठी डंडे, कुल्हाड़ी व सरिया लेकर आ गए। विवाद बढ़ गया और एक दूसरे के खिलाफ लाठी डंडे व पत्थर चलने लगे। इसमें सत्येंद्र, अरविंद, प्रदीप व विवेक आदि अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस को इसकी खबर मिली तो वह मौके पर पहुंची। पुलिस को देख दोनों पक्ष के लोग भाग गए।