इटावा। पछांयगांव थाना क्षेत्र के ग्राम करीलगढ़ में टीबी की बीमारी से परेशान युवक ने घर से कुछ दूरी पर पेड़ के सहारे फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम करीलगढ़ निवासी मुलायम सिंह (35) पुत्र मुकुट सिंह रविवार रात करीब 10 बजे घर से निकल गया था। रात के समय घर नहीं लौटा। सुबह घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी एक पेड़ से रस्सी के फंदे से कसा हुआ उसका शव ग्रामीणों ने देखा।
सूचना परिवार के लोगों को दी गई। परिवार के लोगों ने मौके पर पहुंचकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
परिवार के लोगों ने बताया कि मुलायम सिंह टीबी की बीमारी से परेशान था। माली हालत ठीक न होने के कारण वह पत्नी के साथ औरैया के ग्राम चौटरा में ससुराल में रहकर इलाज करा रहा था।
करीब पांच दिन पहले ही वह घर लौटा था। पछांयगांव थाना प्रभारी गगन गौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।