मड़ैया ख्यालीराम मोहल्ला में चोरी के बाद रोती बिलखती घर की महिलाएं
- फोटो : ETAWHA
इटावा। मड़ैया ख्यालीराम मोहल्ला स्थित एक सूने मकान से चोर करीब चार लाख रुपये के जेवर, नगदी व अन्य सामान ले गए। मकान मालकिन अपनी बेटी के पास गई हुई थी। तभी मौका पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर बेटियों का जेवर भी ले गए। पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की।
कोतवाली क्षेत्र के तहत मड़ैया ख्यालीराम मोहल्ला में कमला शास्त्री अपने तीन मंजिला मकान में रहती हैं। पति का निधन हो चुका है। तीन बेटियां व एक बेटा है। बेटियों की शादी हो चुकी है।
बेटा भी परिवार से अलग अन्य शहर में रह रहा है। कमला शास्त्री की छोटी बेटी विनीता ने बताया कि वह करीब 15 दिनों से मां के पास रह रही थी। इसी बीच मैनपुरी जिला स्थित ससुराल में उसकी बहन मुन्नू के बेटी हुई। तब वह और मां 7 अक्तूबर को उसे देखने चली गई। इसी बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह लौटने पर जानकारी हुई।
विनीता ने बताया कि चोर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। छत पर पहुंचने के लिए चोरों ने पड़ोस के घरों को जरिया बनाया। चोर बक्से में रखा पूरा जेवर ले गए। जिसमें हम बहनों का भी जेवर शामिल है। जेवरों में टॉप्स, अगूंठी, हार, पायल, करधनी आदि शामिल है। इसके अलावा पीतल के बर्तन और 58 हजार रुपये भी चोर ले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास इलाके का मुआयना किया। चोरी के बाद से मकान मालकिन व बेटी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।