इटावा। थाना सहसों के हनुमंतपुरा चौराहे पर विवाहिता की जहर खाने से मौत हो गई। विवाहिता के चचेरे भाई ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है।
क्षेत्र के ग्राम सकतपुरा निवासी सोनू सिंह राजावत की शादी छह वर्ष पूर्व सुलपी उर्फ शिल्पी निवासी बंसरी के साथ हुई थी। सुलपी गृह कलेश के चलते ग्राम सकतपुरा से गांव छोड़कर दो बच्चों के साथ हनुमंतपुरा चौराहे पर किराये के मकान में रह रही थी। शनिवार रात को सुलपी ने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने विवाहिता के मायके एवं पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं विवाहिता के ताऊ के लड़के हरेंद्र सिंह परिहार ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर ससुरालियों पर दहेज मांगने का आरोप लगाया है। उसका कहा है कि उनकी बहन की जहर देकर हत्या की गई है। थानाध्यक्ष सहसों जितेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही स्थिति और स्पष्ट होगी।