इटावा। तूफान एक्सप्रेस से घर औरैया लौट रहे ग्रामीण को जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर नगदी और मोबाइल लूट लिया। ग्रामीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
औरैया के बिधूना थाना क्षेत्र के वलखंडपुर गांव निवासी रामऔतार (55) पंजाब में बाग की रखवाली का काम करते हैं। शनिवार को उन्हें आगरा के कैंट रेलवे स्टेशन पर बेहोशी की हालत में पाया गया। उन्हें इटावा लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में मौजूद राम औतार के पुत्र अजय ने बताया कि उनके पिता तूफान एक्सप्रेस से घर आ रहे थे। ट्रेन में ही किसी जहरखुरान गिरोह ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर दिया। जहरखुरान उनका बैग ले गए। उसमें तीन हजार रुपये, मोबाइल आदि अन्य सामान रखा था।
अजय ने बताया कि थोड़ा होश में आने पर पिता ने बताया कि भटिंडा तक वे ठीक थे। उसके बाद आगे क्या हुआ, उन्हें नहीं पता। आगरा कैंट स्टेशन पर उन्हें उतार दिया गया होगा। रेलवे स्टेशन पर ही शनिवार को चक्कर आने से गिर पड़े। इससे आंख के ऊपर चोट आई।
स्टेशन पर इटावा आ रहे उदी क्षेत्र के कुछ लोगों ने देखा और जेब में मिली डायरी से उसके मुरादाबाद निवासी जीजा को फोन लगाया। जीजा ने उसे जानकारी दी। पुत्र ने बताया कि उसने उदी के लोगों से आग्रह किया। वहीं किसी ट्रेन से उनके पिता को उदी लेकर आए। उदी पहुंचकर गत शनिवार रात को उसने पिता को जिला अस्पताल भर्ती कराया।