जिला अस्पताल में भर्ती बदमाश अवधेश उर्फ चेंटा
- फोटो : ETAWHA
इटावा। आगरा-लखनऊ हाईवे की सर्विस रोड पर ग्राम टिमरुआ के पास बुधवार रात चौबिया पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें 25 हजार का इनामी जिला बदर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने दबोच लिया है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के पास से पुलिस को तमंचे बरामद हुए हैं।
गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक रामयश सिंह ने बताया कि बुधवार रात चौबिया थाना पुलिस आगरा-लखनऊ हाईवे की सर्विस रोड पर ग्राम टिमरुआ के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बदमाशों के काकरपुरा की ओर से आने की सूचना मिली।
ग्राम बरुआ की ओर जाते समय पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर दो लोग बदमाश दिखे। पुलिस को देख दोनों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। रफ्तार बढ़ने अनियंत्रित हुई बाइक फिसल गई और दोनों बाइक सवार गिर गए। खुद को घिरता देख दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में 25 हजार का इनामी जिला बदर अवधेश उर्फ चेंटा के पैर पर गोली लग गई। चेंटा फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के कोकपुरा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने चेंटा के साथ भरथना के चितभवन गांव निवासी संजू पुत्र अतर सिंह को भी गिरफ्तार किया है। चेंटा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को बदमाशों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, तीन कारतूस और बाइक बरामद हुई है।
पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाश अवधेश उर्फ चेंटा शातिर किस्म का अपराधी है जिसके ऊपर लूट, चोरी, नकबजनी के 16 मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने के कारण उसके ऊपर गुंडा एक्ट सहित जिला बदर की कार्रवाई की गई थी।