जसवंतनगर। बदमाशों ने कार चालक को झांसा देकर कार में रखा जेवर से भरा बैग पार कर दिया। कार चालक जब तक कुछ समझ पाता बदमाश भाग निकले। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित पत्नी को मायके से लेने गया था।
फ्रेंड्स कॉलोनी के पीएसी कॉलोनी निवासी शैलेंद्र यादव गुरुवार शाम पत्नी निशा यादव को लेने ससुराल गए थे। इस दौरान पत्नी ने जेवर से भरा बैग कार में रख भाई रवि के साथ जसवंतनगर बाजार चली गई थी और पति को जसवंतनगर चौराहे पर स्थित बस सटैंड के पास मिलने के कहा था। बस स्टैंड पर पहुंच शैलेंद्र पत्नी का इंतजार कर रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति ने शैलेंद्र से कहा कि आपकी गाड़ी के पास रुपए पड़े है, आपके तो नहीं है। शैलेंद्र ने कार की खिड़की खोल बाहर देखा इस दौरान आगे की सीट पर रखे बैग को बदमाश ने पार कर दिया।
यह घटना शैलेंद्र को पता नहीं चली। पत्नी भाई के साथ जब पहुंची तो उसने कार में जेवर से भरा बैग नहीं दिखा। इसके बाद उसने कार की तलाशी ली, लेकिन बैग कही नहीं मिला। आनन-फानन पीड़िता अपने भाई के साथ जसवंतनगर थाने पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी। जसवंतनगर थाना प्रभारी अब्दुल सलाम सिद्दीकी ने बताया की पुलिस टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।