घटना स्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद
- फोटो : ETAWAH
भरथना। नगला भगत गांव में भरथना-तुरैया मार्ग के पास खेतों में भरे पानी में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
जेतुपुर गांव निवासी जनवेद (48) गाजियाबाद में प्राइवेट फैक्टरी में काम करता था। बुधवार रात वह ऊंचाहार एक्सप्रेस से इटावा आया। रात होने के कारण जनवेद को घर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिला तो वह पैदल ही घर की ओर चल दिया। गुरुवार सुबह तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान परिजनों को पुलिस से सूचना मिली की जनवेद की मौत हो गई है। उसका शव भरथना-तुरैया मार्ग पर नगला भगत गांव में खेतों पर मिला है। भरथना थाना प्रभारी केएल पटेल ने बताया कि शव औंधे मुंह पड़ा था और शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला।
परिजनों के मुताबिक जनवेद को मिर्गी का दौरा आता था। पैदल घर आते समय उसे दौरा आया होगा और वह पानी में गिर गया होगा। उठ न पाने से उसकी डूब कर मौत हो गई होगी। जनवेद शराब पीने का भी आदी था। पत्नी सुमन देवी सहित तीनों पुत्र सोनू, विवेक, आशीष व पुत्री खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ भरथना विजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।