इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के नगलाबहादुर गांव में दादी के घर हुई पोते की मौत मामले में बरामद मोबाइल व खून के धब्बों की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। अलबत्ता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है कि किशोर शिवम की मौत लटकने से हुई है। लिहाजा इस रिपोर्ट के आधार पुलिस पिता के गला घोट कर बेटे की हत्या किए जाने के आरोप को नकार रहीं है। एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया है। जांच चल रही है।
सैफई थाना क्षेत्र के नगलाबहादुर गांव निवासी ट्रैक्टर चालक योगेश कुमार उर्फ कल्लू यादव के 16 साल के बेटे शिवम का शव घर के अंदर चौखट पर लटका मिला था। वह गत रविवार को अपनी दादी राम कुंअर के पास आया था। शिवम अपनी मां किरण व भाइयों के साथ बसरेहर कस्बे में किराये के घर में रह रहा था।
गत सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे को दादी राम कुंअर को वह घर के अंदर कमरे की चौखट पर लटका मिला। पुलिस ने मौके से शिवम के अलावा एक अन्य मोबाइल बरामद किया और चौखट के नीचे खून के धब्बे पाए। बेटे की खबर मिलने पर आंबेडकर नगर से लौटे पिता योगेश ने गला घोट कर शिवम की हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।
इस संबंध में एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की बात सामने आई है। इससे साफ है कि किशोर का गला नहीं घोटा गया। हालांकि जो मोबाइल मिला है। उसको सर्विलांस पर लगाया गया है। फोरेंसिक टीम ने खून के धब्बे एकत्रित किए हैं। उनकी भी जांच चल रही है। पता किया जा रहा कि खून के धब्बे किसके हैं। हालांकि रात की घटना की खबर पुलिस को सुबह दिए जाने पर सवाल खड़े हैं। इसीलिए मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।