इकदिल थाने के परिसर में शराब की बोतल देखते डीएम और एसएसपी। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इकदिल (इटावा)। थाना पुलिस व आबकारी टीम ने आगरा-कानपुर हाईवे पर कंटेनर पकड़ा, जिससे 20 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस को देखते ही चालक कंटेनर छोड़कर भाग निकला। शराब चंडीगढ़ से लाई जा रही थी। सूचना पर एसएसपी और फिर डीएम ने भी इकदिल थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। शराब कहां जा रही थी इस बारे में अभी जानकारी नहीं हो सकी है।
एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार सुबह इकदिल थाने के प्रभारी निरीक्षक रणबहादुर सिंह को सूचना मिली कि एक कंटेनर में अवैध तरीके से शराब लाई जा रही है। पुलिस ने आबकारी टीम के साथ कंटेनर को आगरा-कानपुर हाईवे पर पिलखर नगर पुल के पास रोक लिया। चालक गाड़ी से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं सकी।
थाने लाकर कंटेनर की तलाशी ली गई तो उसमें 398 पेटी में चंडीगढ़ की अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां ले जाई जा रही थी। जिलाधिकारी अवनीश राय ने भी इकदिल थाने पहुंचकर जानकारी ली। एसएसपी ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
किताब व इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की बिल्टी से ले जाई जा रही थी शराब
कंटेनर चालक ने अवैध रूप से शराब ले जाने का नया तरीका निकला। उसने इसके लिए किताबों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की बिल्टी बनवाई। चेकिंग होने पर वह बिल्टी दिखा सके। एसएसपी ने बताया कि चालक ने अवैध रूप से शराब ले जाने के लिए गलत बिल्टी बनवाई। इसके अलावा कंटेनर से शराब ले जाने का पहला मामला प्रकाश में आया है। पुलिस को अब कंटेनरों की भी बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि चालक भाग निकला। इसके कारण इसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी कि शराब कहां ले जाई जा रही थी। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि चालक ने कहीं रास्ते में तो शराब नहीं उतारी।