इटावा। मंडी गेट के पास मृत मिले युवक की मौत अधिक शराब पीने की वजह से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। परिवार की ओर से अज्ञात पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया गया था। गुरुवार शाम तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
सैफई थानाक्षेत्र के गांव नगला बहादुर निवासी अशोक कुमार का शव मंडी गेट के पास पड़ा मिला था। अशोक ने बुधवार सुबह अपनी साली रिचा को फोन कर बताया था कि वह मंडी गेट के पास है, उससे कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। जानकारी मिलने पर वह पति के साथ मौके पर पहुंची तो अशोक वहां नहीं मिला। बाद में अशोक पुलिस को बेसुध अवस्था में पड़ा मिला था। पुलिस उसे अस्पताल ले गई थी, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसओ फ्रेंड्स कालोनी विवेेक चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण अधिक शराब पीना आया है। अशोक की पत्नी कई बार घर से जा चुकी है। इस कारण वह परेशान रहता था।