भरथना। मोतीगंज में बैक करते समय एक कंटेनर का पिछला पहिया पुलिया में फंस गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर को बाहर निकाला। इस दौरान भरथना-बकेवर मार्ग आधे घंटे तक जाम रहा।
मोतीगंज में शुक्रवार सुबह दस बजे के करीब पाली बंबा से ओवरब्रिज की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर एक कंटेनर बैक हो रहा था। मिट्टी धसने से कंटेनर का पिछला पहिया पुलिया में चला गया और वाहन फंस गया। राहगीरों की सूचना पर एसआई कपिल भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने क्रेन बुलवाकर करीब आधे घंटे बाद कंटेनर को बाहर निकलवाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले भी कई बार पाली बंबा से मुड़ने के दौरान कई वाहन इसी तरह फंस चुके हैं। इस कारण बंबा की पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कंटेनर को माइनर से निकालने के दौरान भरथना-बकेवर मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। आधे घंटे बाद जब कंटेनर को हटाया गया, जिसके बाद जाम खुल सका।