ताखा। नगला दुली गांव में दो घरों से हुई 20 लाख की चोरी के मामले में पुलिस ने एक पीड़ित की तरफ से तो मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन दूसरे की तहरीर पर 10 दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। पीड़ित ने एसएसपी जय प्रकाश सिंह को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग की है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के नगला दुली गांव निवासी रामजीवन के घर से छह सितंबर की रात चोर कमरे के ताले तोड़कर 48 हजार रुपये और 16 लाख के सोने-चांदी के जेवर पार कर ले गए थे। चोरों ने पड़ोस के रिटायर्ड फौजी अजय पाल के घर से भी एक लाख 12 हजार 500 रुपये और दो लाख के जेवरात चोरी किए थे। गुरुवार को मामले की जांच करने एसओजी टीम और सर्विलांस टीम गांव गई थी और ग्रामीणों से पूछताछ की थी। पीड़ित अजय पाल उर्फ संतोष फौजी ने बताया कि ऊसराहार पुलिस उनके घर हुई चोरी की तहरीर देने के बाद भी मामला दर्ज नहीं कर रही है। साथ ही वह पूरे मामले को झूठा बता रही है। उन्होंने एसएसपी जयप्रकाश सिंह को प्रार्थना पत्र दिया है और मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।