इटावा। नलकूप के पिलर से गिरकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची बढ़पुरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भगवानदासपुरा गांव निवासी मुन्ना लाल (45) राजमिस्त्री का काम करते थे। गुरुवार को वे नएपुरा गांव में 67 नंबर नलकूप पर पिलर का निर्माण करने गए थे। शाम के समय पिलर पर चढ़ कर सरिया बांध रहे थे। इसी दौरान पैर फिसल जाने से वे नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भेजा और परिजनों को सूचना दी। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने मुन्नालाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे से पत्नी संजू देवी और बेटी मुस्कान का रो-रो कर बुरा हाल है। (संवाद)