फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मजदूर की मौत, ठेकेदार पर हत्या का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
इटावा। फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र के कन्हैया नगर में गुरुवार शाम मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने ठेकेदार पर बंधक बनाकर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन

कन्हैया नगर निवासी राज मिस्त्री हवलदार सिंह जाटव (33) पड़ोसी ठेकेदार के पास काम करता था। भतीजे आशीष ने बताया कि तबीयत ठीक न होने के कारण चाचा ने ठेकेदार से कुछ पैसे एडवांस लिए थे और चार दिन से काम पर नहीं जा रहे थे। गुरुवार सुबह ठेकेदार घर आया और चाचा को जबरदस्ती काम पर ले गया। शाम सात बजे चाचा को बेहोशी के हालत में ठेकेदार घर के बाहर छोड़ गया था। इसके बाद आनन-फानन में पड़ोसियों की मदद से चाचा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भतीजे ने आरोप लगाया कि चाचा ने ठेकेदार से काम करने से मना किया था। इसी बात पर ठेकेदार में साथियों के साथ मिलकर चाचा के साथ मारपीट की थी। उनके पीठ और शरीर पर चोट के निशान हैं।
इधर, गुरुवार शाम सात बजे ही मजदूर की मौत हो गई थी। इसके बाद भी परिजनों ने 12 घंटे तक पुलिस को सूचना नहीं दी। शुक्रवार सुबह आठ बजे के आसपास परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर सीओ सिटी अमित कुमार सिंह और फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी विवेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन

शहर कोतवाली के क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि परिजनों के मुताबिक पड़ोस में रहने वाला ठेकेदार मजदूर को लेकर गया था। परिजनों ने ठेकेदार पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। ठेकेदार को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कई बार गाली-गलौज कर चुका ठेकेदार
पड़ोसियों ने बताया कि कई दिनों से हवलदार सिंह की तबीयत खराब थी। इस कारण वह काम पर नहीं जा रहा था। इस दौरान ठेकेदार कई बार घर आया था और गाली-गलौज कर मारने की धमकी देकर गया था। गुरुवार सुबह भी जब ठेकेदार आया तो उसने हवलदार सिंह के साथ गाली-गलौज की थी। इसके बाद हवलदार सिंह उसके साथ चला गया था।
आठ दिन पहले हुई थी बेटी
हवलदार सिंह की मौत के बाद पत्नी माधुरी आठ दिन की बच्ची को गोद में लिए फूट-फूट कर रो रही थी। रिश्तेदार और आसपास की महिलाएं माधुरी को सांत्वना देने में लगी थीं। हवलदार के अन्य तीन बच्चे साहिल, गुनगुन और गुंजन भी पिता की मौत से गुमसुम थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें