इटावा। ठंड बढ़ते ही चोर सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार देर रात लखना के पास तीन गांव में तीनों घर से जेवर और नगदी समेत सात लाख रुपये का माल पार कर दिया। पुलिस को खेत में खाली बक्सा बरामद हुआ है।
पहली चोरी की घटना करौंधी निवासी किसान मुकेश कुमार पाल पुत्र श्रीकृष्ण के घर में हुई। किसान ने बताया कि चोर पीछे के दरवाजे की कुंडी कटर मशीन से काटकर घर में घुसे और बक्से का ताला तोड़ा। उसमें रखे सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठी, एक जोड़ी कुंडल व 20 हजार रुपये समेत करीब दो लाख रुपये का पार कर ले गए। बुधवार सुबह गृहस्वामी उठे तो बक्सा टूटा व सामान बिखरा पड़ा देख होश उड़ गए।
दूसरी घटना पड़ोसी गांव अड्डा ज्ञान सिंह की है, जहां चोरों ने किसान गीतम सिंह गोयल के घर को निशाना बनाया। चोर देर रात खेत से सटी दीवार पर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में घुस गए। गीतम सिंह ने बताया कि कमरे में रखी अलमारी का लॉक मशीन से काटने के बाद उसमें रखी सोने की जंजीर, सोने की दो अंगूठियां, चांदी की दो जोड़ी करधनी, चांदी की दो जोड़ी पायल, सोने की दो जोड़ी झुमकी, बेसर, मंगलसूत्र व दो चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। परिजन सुबह उठे तो सीढ़ी दीवार के सहारे लगी हुई थी। बताया कि चोर करीब तीन लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए हैं।
तीसरी चोरी नगला कले के मजरा टेनगुरिया निवासी किसान अरविंद यादव के घर हुई। यहां भी चोर दीवार में सीढ़ी लगाकर घर की छत से चढ़े और अंदर घुस गए। चोर कमरे में रखे बक्से को उठाकर खेतों में ले गए। किसान अरविन्द यादव ने बताया कि चोर बक्से में रखे एक जोड़ी सोने के बृजबाला, दो सोने की अंगूठी, एक सोने की जंजीर, चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी का एक जोड़ी खडुआव, 10 हजार रुपये ले गए। तीनों गृहस्वामियों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी।। लखना चौकी प्रभारी प्रशांत द्विवेदी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थलों पर पहुंचे और गृहस्वामियों समेत ग्रामीणों से पूछताछ की। चौकी प्रभारी प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि जांच कर चोरी की तीनों घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
अरविंद ने बताया कि वह बच्चों के साथ कमरे में लेटे थे। सुबह चार बजे के आसपास बच्चे के रोने की आवाज सुनकर जग गए। बाहर निकले तो गैलरी पर दो चोर खड़े दिखे। चोर की तरफ मथानी फेंककर मारी तो वह दूसरे दरवाजे से निकलकर खेतों के रास्ते भाग गए। चोरों ने कटर मशीन से कमरे की कुंडी व ताले काटे हैं। बक्सा सरसों के खेत में पड़ा मिला।