इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम अहेरीपुर में सोमवार की सुबह ड्यूटी पर जा रहे पशुधन प्रसार अधिकारी पर एक पिता-पुत्र ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपित पिता-पुत्र को हिरासत में लिया है।
अहेरीपुर कस्बा निवासी कृष्ण नारायण पुत्र रामानुज दास ने पुलिस को दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि वे महेवा विकास खंड के ग्राम फतेहपुरा केंद्र में पशुधन प्रसार अधिकारी के पद पर तैनात हैं। सोमवार सुबह वह ड्यूटी जाने के लिए घर से निकला ही था कि उसका पड़ोसी उज्ज्वल पुत्र दीपचंद्र उससे अभद्रता करने लगा। पशुधन प्रसार अधिकारी ने विरोध किया तो उसने उनके ऊपर क्रिकेट बैट से हमला बोल दिया। वह उज्ज्वल के पिता दीपचंद से शिकायत करने उसके घर गया तो पिता-पुत्र ने उसके साथ दोबारा मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि वह जान बचाने के लिए भाग कर गैस एजेंसी में जाकर छुप गया तो पिता-पुत्र ने एंजेंसी पर ईंट-पत्थर से तोड़फोड़ कर दी। जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश देकर उनको हिरासत में ले लिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी।