इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर लोहिया ग्राम में बहला-फुसलाकर लाई गई महिला को बुधवार रात मारकर जला दिया गया। महिला के परिजनों ने बृहस्पतिवार रात को एसएसपी के आवास पर जाकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सैफई ग्राम के कुइया के मुन्नीलाल ने बताया कि छह माह पहले जसवंतनगर थानाक्षेत्र के मलाजनी भट्ठा से लापता हुई उनकी बहू की काफी खोजबीन की। इसकी जसवंतनगर थाने में तहरीर भी दी और एसएसपी ऑफिस जाकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई। जब कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट में गुहार लगाई। छह महीना बीत जाने के बाद सुराग लगा कि वह बसरेहर क्षेत्र में एक भट्ठे पर रह रही है। बुधवार रात को जानकारी मिली कि उनकी बहू को मार कर रात में जला दिया गया। इसके बाद वे परिवार के साथ बसरेहर थाने पहुंचे। इस पर पुलिस ने घटनास्थल लोहिया नहर के किनारे बंबा की पटरी पर महिला के अवशेष बरामद किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुरुवार देर रात महिला के परिजनों ने एसएसपी आवास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।