इटावा। थाना इकदिल क्षेत्र के ग्राम रामनगर नावली रेलवे लोहिया पुल के पास शुक्रवार दोपहर रेलवे लाइन पार करते समय वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई।
थानाध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता, हलका इंचार्ज एसआई दयानंद पटेल व एसआई ललित कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वृद्ध के जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुसैनपुर पुठिया थाना बसरेहर निवासी अतर सिंह (90) के रूप में हुई। मृतक की जेब में मोबाइल नंबर का पर्चा पढ़कर पुलिस सूचना दी तो परिवारजन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अतर सिंह ग्राम हुसैनपुर से पिलखर अपने रिश्तेदारी में हवन में निमंत्रण खाने के लिए पैदल अपने गांव से चलकर आ रहे थे। उन्हें कम सुनाई पड़ता था। पुलिस ने शव का पंचनामा भर सबको पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।(संवाद)