इटावा। मित्र के शांति हवन में शामिल होने पत्नी के साथ जा रहे विद्युत विभाग के एसएसओ की बाइक में एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपति घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी ले जाया गया, जहां उनकी पत्नी ने दम तोड़ दिया।
शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी विद्युत विभाग में कुनैरा में तैनात एसएसओ रामवीर यादव पुत्र साहूकार यादव शुक्रवार सुबह पत्नी ऊषा देवी के साथ अपने मित्र के शांति हवन में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। थाना सैफई अंतर्गत हैंवरा चौकी के नजदीक सुबह 9 बजे के आसपास बहादुरपुर गांव मोड़ के समीप कार ने पीछे से टक्कर मार दी। वो दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों व चौकी पुलिस ने उन्हें सैफई पहुंचाया जहां ऊषा की उपचार के दौरान ही मौत हो गई। रामवीर यादव का उपचार जारी है। मृतका के एक पुत्र कपिल सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।