इटावा। ताखा में तैनात लेखाकार पर फर्जी फर्मों से बिना काम के लाखों का भुगतान करने की शिकायत करने पर रोजगार सेवक को जान से मारने की धमकी मिली है। रोजगार सेवक ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की है।
रौरा ग्राम पंचायत के रोजगार सेवक अभिषेक सिंह चौहान ने जिलाधिकारी श्रुति सिंह से की गई शिकायत में बताया कि दो फर्में लेखाकार के नजदीकी लोगों ने बनाई हैं। इन फर्मों के नाम से लाखों रुपये की हेराफेरी की गई है। सप्लाई के बिना ही फर्जी पेमेंट कर दिए गए हैं। जब इसका विरोध रोजगार सेवक ने किया तो वह धमकी देने लगे और फंसा देने की धमकी देने लगे हैं। रोजगार सेवक ने आरोप लगाया कि दस लाख से अधिक धनराशि का गबन किया गया है। लेखाकार धर्मेंद्र वर्मा का कहना है कि कुछ लोग दबाव बनाकर फर्जी तरीके से पेमेंट कराना चाह रहे हैं। उन पर लगाए गए आरोप असत्य हैं।
मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर ने रौरा ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की जांच कराने के संबंध में खंड विकास अधिकारी ताखा पीएन यादव को निर्देश दिए हैं।