इटावा। बढ़पुरा थाना पुलिस ने चंबल नदी से अवैध खनन करके रेत ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित एक व्यक्ति को गुरुवार रात गिरफ्तार किया है। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती भिंड जिले के इस व्यक्ति के विरुद्ध महामारी, वन्य जीव संरक्षण आदि अधिनियमों के तहत कार्रवाई की गई है।
गुरुवार रात लगभग 10 बजे बढ़पुरा थाना प्रभारी जीवराम यादव व उदी चौकी इंचार्ज वीनेश कुमार सिंह गश्त पर थे। इसी दौरान यूपी-एमपी के बॉर्डर पर अवैध रूप से चंबल नदी की रेत को ट्रैक्टर से इटावा ले जा रहे सुनील पुत्र बसंत सिंह निवासी रानीपुरा थाना फूप जिला भिंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महामारी एक्ट, वनजीव संरक्षण अधिनियम आदि के तहत मुकदमा दर्ज किया। उदी चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश की गई तो चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भागने लगा। पुलिस घेराबंदी कर चंबल पुल के पास जैन मंदिर पर पकड़ लिया।