इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस व एसओजी टीम ने चोरी की दो कारों के साथ तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से असलहे बरामद हुए हैं।
गुरुवार को फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के आईटीआई चौराहे के निकट वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोकपुरा की ओर से आ रही दो कारों को कोकपुरा मटर मिल के पास रुकने का इशारा किया गया। इस पर चालक भगाने लगे। पुलिस ने घेरकर दोनों कारों को रोका गया। दोनों कारों में तीन लोग थे। उनके पास से 315 बोर के दो तमंचे, दो कारतूस व एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आरिश खान पुत्र बाबुद्दीन निवासी बैलमपुरी थाना जसराना जिला फिरोजाबाद, सोनू उर्फ छविराम दिवाकर पुत्र राकेश कुमार दिवाकर निवासी मोहल्ला ऊंचा सब्जी मंडी के निकट जसराना फिरोजाबाद व रिजवान पुत्र रियाजुद्दीन निवासी शीशपुरी जसराना फिरोजाबाद बताया है। इन लोगों ने एक कार शहर के फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के चौहान कालोनी निवासी विक्रम कुमार के घर से चोरी करना स्वीकार किया। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी सतेंद्र सिंह यादव व सर्विलांस प्रभारी वीके सिंह तथा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार व उनकी टीम शामिल रही।