चकरनगर (इटावा)। चंबल सेंचुरी से मछली का अवैध शिकार कर टेंपो से ले जा रहे दो लोगों को शनिवार रात सेंचुरी विभाग ने पकड़ कर जेल भेजा है। आरोपियों के पास से तीन क्विंटल मछलियां मिली हैं। इसके साथ एक टेंपो और बाइक भी बरामद हुई है।
वन क्षेत्राधिकारी सेंचुरी हरि किशोर शुक्ला ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार रात गश्त शुरू कर दी गई। चंबल सेंचुरी भरेह क्षेत्र के अयाना रोड पर एक टेंपो आ रहा था। इसे रोक कर तलाशी ली गई तो उसमें तीन जूट की बोरियों में लगभग तीन क्विंटल मछलियां मिलीं। पकड़े गए मुकेश कुमार पुत्र लालता व प्रसाद संदीप पुत्र राम प्रकाश निवासी सिंगनपुर जनपद औरैया से मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। इस दौरान वन दरोगा विष्णु पाल, वन जीव रक्षक सिद्धार्थ मौर्य, रोहित यादव, अनुरूद्ध यादव मौजूद रहे।