इटावा। महेवा कस्बे में फौजी के घर हुई लाखों की लूट के मामले में पुलिस ने पड़ोस के एक युवक को उठाया है। इससे पुलिस पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पकड़े गए युवक के बारे में पुलिस ने जानकारी देने से मना किया है। वहीं इस मामले में दो-तीन अन्य युवक भी पुलिस की रडार पर बताए जा रहे हैं। कस्बा क्षेत्र में लगातार हुईं लूट व चोरी की वारदात से ग्रामीण दहशत में हैं।
बीते गुरुवार को पशु अस्पताल के पीछे फौजी रामरतन के घर में असलहाधारी बदमाशों ने घुसकर उसकी बेटी को बंदूक दिखाकर लाखों रुपये के जेवर व नगदी लूट लिए थे। इस मामले में दो दिन से थाना व चौकी पुलिस जांच कर रही है। शनिवार को पुलिस ने फौजी के परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की थी। पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए परिजनों पर संदेह कर रही है। रविवार को पुलिस ने कस्बे के ही पड़ोसी युवक को शक के आधार पर पकड़ा है। पकड़े गए युवक के बारे में पुलिस ने अभी कुछ भी बताने से मना कर दिया है। सीओ भरथना व एसओ बकेवर ने एक बार फिर घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास क्षेत्र का मौका मुआयना किया।
वहीं इस लूट की वारदात के अगली रात चौकी से चंद कदम की दूरी पर ही पशुपालक की 70 हजार रुपये कीमत की भैंस चोरी हो गई थी। जबकि क्षेत्र के गांव नगला शुक्ल के उच्च प्राथमिक स्कूल से करीब 20 पेटी टाइल्स व ग्रांडर मशीनें भी चोरी हो गई थीं। इन वारदातों के 48 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
फौजी के घर हुई वारदात को लेकर ग्रामीणों में चर्चा है कि फौजी का बड़ा बेटा जो बैंक मैनेजर है, उसने लूट की तहरीर में नगदी कम दिखाई। जबकि बदमाश कई लाख रुपया लूट ले गए। पुलिस ने भी लूट की वारदात को चोरी में दर्ज किया है। इस संबंध में सीओ भरथना चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस हर बिंदु को गहनता से लेकर जांच कर रही है, शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।