इटावा। चकरनगर थाना क्षेत्र के गांव नगला महानंद में दामाद और ससुर के बीच हुई खूनी जंग में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हो गए। घायलों में से दो लोगों की हालत गंभीर होने पर सीएचसी राजपुर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नगला महानंद निवासी मोहित यादव पुत्र सोनवीर यादव का विवाह दो साल पहले गांव फूटाताल निवासी हरिओम की पुत्री बड़ी बिटिया से हुआ था। पति-पत्नी के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसको लेकर सोमवार की देर शाम हरिओम अपने करीब एक दर्जन परिजनों के साथ गांव नगला महानंद पहुंचे थे। यहां बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान पिता पुत्र सहित लड़की पक्ष के आधा दर्जन से लोग घायल हो गए। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहां मोहित और सोनवीर की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं लड़की पक्ष की ओर से ससुराल पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित करने की तहरीर दी गई है। लड़का पक्ष की ओर से एक दर्जन लोगों के विरुद्ध मारपीट कर घायल करने का प्रार्थना पत्र दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।