इटावा। सहसो थाना क्षेत्र के सिंडौस गांव में भोज कार्यक्रम के दौरान खाने में नमक के कम होने को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में युवक की जान चली गई। चार लोग घायल हुए हैं, जिनका सीएचसी में इलाज चल रहा है। मृतक के परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले हुए इस विवाद में पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो शनिवार को ऐसी नौबत नहीं आती। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
सहसो थाना क्षेत्र के सिंडौस गांव के मंदिर पर दो जुलाई को एक भोज में गांव के जयप्रकाश उर्फ भुजंगी (40) और अनूप के बीच भोजन में नमक को लेकर कहासुनी हुई थी। एक ने खाने में नमक कम बताया तो दूसरे ने तंज कसा। इसी से विवाद बढ़ गया। हालांकि उस समय ग्रामीणों ने दोनों लोगों को समझा बुझाकर शांत कर दिया था। लेकिन इस मामूली बात को लेकर शनिवार सुबह जय प्रकाश ने थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने महज एनसीआर दर्ज कर ली थी।
शनिवार शाम दोनों इसी बात को लेकर फिर से भिड़ गए। दोनों पक्षों से जुटे लोगों में जमकर लाठी, डंडे और ईंट, पत्थर चले। इसमें जयप्रकाश उर्फ भुजंगी सिंह पुत्र लालमन और अनूप कुमार पुत्र मलखान सिंह के अलावा अन्नू पुत्र महावीर सिंह, भुजंगी के बेटा विमल सिंह, डब्बू पुत्र प्रकाश घायल हुए।
पुलिस ने जयप्रकाश पक्ष से विक्रम सिंह की तहरीर पर गांव के ही अरुण उर्फ अन्नू पुत्र महावीर सिंह आदि लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पांचों घायलों को राजपुर सीएचसी भेजा गया। जहां जयप्रकाश की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से रात में ही सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह जयप्रकाश की इलाज के दौरान मौत हो गई।
एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि दावत में नमक को लेकर विवाद की शुरुआत हुई थी। जयप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी थी। लेकिन, शाम को आरोपी पक्ष के लोगों ने शराब पीकर जयप्रकाश के घर के सामने आकर गालियां दीं। इस पर दोनों ओर से लाठियां चलीं और पत्थरबाजी हुई। इसमें जयप्रकाश और अनूप के सिर में चोटें आईं। जयप्रकाश की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की ओर से दर्ज मुकदमे को उचित धाराओं में तरमीम किया जा रहा है। एक आरोपी पुलिस हिरासत में है।