इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के मिट्ठनपुर गांव के खेत से लहूलुहान युवक का शव बरामद हुआ है। युवक के पेट में काफी नजदीक से गोली मारी गई है। शव के पास में कारतूस फंसा तमंचा बरामद हुआ है। 40 साल के मृतक की शादी न होने से अवसाद ग्रस्त रहने की वजह बताते हुए पुलिस घटना को आत्महत्या मान रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
मिट्ठनपुर गांव निवासी किसान हाकिम सिंह का 40 साल को अविवाहित बेटा सुशील यादव उर्फ सीपू शनिवार शाम करीब छह बजे ट्रैक्टर लेकर गांव स्थित खेत में जुताई करने गया था। रविवार सुबह खेत में लहूलुहान अवस्था में उसका शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे सैफई थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रदेव सिंह को शव के पास 315 बोर का तमंचा और मोबाइल बरामद हुआ। कुछ दूरी पर ट्रैक्टर भी खड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि हाकिम सिंह के चार पुत्रों में दूसरे नंबर के सुशील की शादी नहीं हुई थी। बाकी तीनों भाइयों की शादी होकर परिवार बसे हैं। परिजनों से पता चला कि शादी न होने से सुशील अवसाद ग्रस्त रहता था। काफी नजदीक से पेट में लगी गोली पार हुई है। शव के पास में कारतूस फंसा तमंचा मिला है। युवक के सिर्फ एक गोली लगी है। लिहाजा परिस्थितियों के आधार पर मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने भी किसी रंजिश से इनकार किया है।
देर शाम तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। शादी किस वजह से नहीं हुई। अभी इसकी जानकारी नहीं हो पाई। पुलिस सभी तथ्यों की गहराई से जांच कर रही है।