इटावा। घर के पास खेलते समय अगवा हुआ बालक मंगलवार को रिश्तेदार के घर मिल गया। पीड़ित मां ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली क्षेत्र के कटरा शमशेर खां मोहल्ला निवासी हंसमुखी पत्नी स्व ओमप्रकाश ने सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर के समय घर के समीप कालीदेवी मंदिर पर खेलते समय उसके आठ साल के बेटे अमन को कोई अगवा कर ले गया। बच्चे के अपहरण से जुड़ा मामला होने पर कोतवाली पुलिस धारा 363 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया और बच्चे की खोजबीन में जुट गई। लेकिन परिजन खुद बच्चे के बारे में जानकारी जुटा कर अछल्दा के पास रुरुगंज स्थित अपने किसी दूर के रिश्तेदार के यहां से बच्चे को खोजकर वापस ले आए।
हंसमुखी ने बताया कि जो व्यक्ति उसके बेटे को ले गया था। वह उनका दूर का रिश्तेदार है। काफी समय पहले उस रिश्तेदार का बेटा उसके घर पर ही रहता था। जिसकी मौत हो गई। लिहाजा अब वह रिश्तेदार उसके बेटे को अपने पास रखना चाहते हैं। इसीलिए वह अमन को ले गए थे। हालांकि उस रिश्तेदार का यही कहना था कि अमन खुद अपने आप रुरुगंज पहुंच गया था। लेकिन उसका बेटा अकेले इतनी दूर नहीं जा सकता है। बेटे के न मिलने पर उसने कोतवाली पुलिस से इसकी शिकायत की थी। मंगलवार को रुरुगंज जाकर वह अपने बेटे को ले आई।