इटावा। घर में अकेली अस्सी साल की बीमार वृद्ध महिला का शराब के नशे में यौन शोषण करने पर 20 साल के युवक पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वृद्ध बीमार महिला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित अपने घर में अकेली सो रही थी। बगल के घर में उसके बेटे-बहू रहते हैं। शुक्रवार रात करीब दो बजे पड़ोस में रह रहा 20 वर्षीय सोनू उर्फ सुरजीत पुत्र प्रेम सिंह वृद्धा के घर में घुस गया और जोर जबरदस्ती करने लगा। महिला की चीख सुनकर उसकी पुत्रवधू आ जाने से युवक भाग गया। पीड़िता के बेटे ने शनिवार को सिविल लाइन थाना पहुंच कर पुलिस को घटना से अवगत कराया। उसकी तहरीर पर पुलिस ने सोनू के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता बेहद वृद्ध है। पति का निधन हो चुका है, वह चल फिर और बोल नहीं पाती है। डंपर पर हेल्पर के तौर पर काम करने वाले पड़ोसी सोनू ने शराब के नशे में जोर जबरदस्ती की और वृद्धा की बहू आ जाने पर भाग गया। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि शनिवार को फरार आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने शराब के नशे में अपराध करने की बात कबूली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।