इटावा। चार दबंगों ने सोमवार को अधिशासी अधिकारी से उनके दफ्तर में घुसकर गाली गलौज की। साथ ही नाले के पानी को बेचने से जुड़ी फाइल छीनने की कोशिश की। ईओ ने आरोप लगाया कि अभद्रता करने वाले यह लोग पानी का ठेका लेने के लिए दबाव बना रहे थे। घटना की लिखित शिकायत एसडीएम व थाना प्रभारी निरीक्षक से की गई है।
नगरपालिका ईओ रामआसरे कमल ने बताया कि गिरधारीपुरा नाले के पानी का उपयोग किसान अपनी फसल की सिंचाई में करते हैं। गत वर्ष 1.54 लाख रुपये में इस नाले के पानी का ठेका उठा था। इस साल नया ठेका उठना है, जिसकी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब सवा 11 बजे जब वह अपने दफ्तर में थे। तभी चार लोग उनके कमरे में घुस आए और इसी नाले के पानी की बोली न लगाने को कहा। उनका कहना था कि इस बार उन्हें यह ठेका चाहिए हैं।
उन्होंने जब ऐसा करने से मना कर दिया तो चारों लोग भड़क गए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां देने लगे। पानी के ठेके से जुड़ी फाइल को भी छीनने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही को ईओ ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं सीओ भरथना आलोक प्रसाद ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।