इटावा। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से फरार हुए कोरोना संदिग्ध बंदी को पुलिस ने फिर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने उसे दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास हाईवे से पकड़ा है। हालांकि पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसे औरैया जिले के किसी कस्बे से उसके किसी रिश्तेदार के यहां से दबोचा गया।
बकेवर थाना क्षेत्र के हाफिजनगर गांव का गुलफाम पुत्र साबुद्दीन डेढ़ किलो गांजे के साथ गिरफ्तार हुआ था। बकेवर पुलिस ने उसे 28 अप्रैल की देर शाम जेल पहुंचाया। लॉकडाउन में उसके घूमने फिरने के चलते डॉक्टर के चेक करने पर उसे कोरोना संदिग्ध के तौर पर उसी रात को जिला अस्पताल भेज दिया गया था। जहां उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। 29 अप्रैल की रात को वह वार्ड की खिड़की में लगी जाली को तोड़कर भाग गया था।
30 अप्रैल की सुबह उसके फरार होने की खबर पुलिस को लगी, जबकि बकेवर थाने के दो सिपाही नीरज व प्रवेंद्र उसकी निगरानी में रखे गए थे। जिन्हें लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी आकाश तोमर ने निलंबित कर दिया। फरार बंदी गुलफाम के खिलाफ सिविल लाइन थाना में मुकदमा दर्ज हुआ।
एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि फरार बंदी गुलफाम की गिरफ्तारी के लिए एसओजी प्रभारी सत्येंद्र यादव समेत बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक बचन सिंह सिरोही व सिविललाइन थाना प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता की टीमें खोजबीन में लगी थी। 24 घंटे के अंदर गुलफाम को फिर से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर गुलफाम को दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास हाईवे से गिरफ्तार किया गया है। वह कहीं भागने की फिराक में था। हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार बंदी को औरैया जिले के किसी कस्बा से उसके किसी परिचित के घर से पकड़ा गया है।