इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के नेवरपुर गांव में बुधवार को खूंटा गाड़ने के विवाद में दो पक्षों में लाठियां और कुल्हाड़ी चल गईं। इसमें दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। सभी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
नेवरपुर गांव में रामकुमार ने घर के सामने रास्ते के किनारे खूंटा गाड़ लिया था। पड़ोसी विद्याधर राजपूत बुधवार को भैंस लेकर निकल रहे थे। खूंटे लगने से भैंस का पैर जख्मी हो गया। इस पर विद्याधर ने रास्ते पर खूंटा गाड़ने का विरोध किया। इसी बात पर कहासुनी होने लगी। दोनों ओर से लाठियां व कुल्हाड़ी निकल आईं और मारपीट होने लगे। मारपीट में रामकुमार, उनके बेटे प्रदीप राजपूत व अवधेश और दूसरे पक्ष के विद्याधर समेत छह लोग घायल हो गए। अवधेश के सिर में कुल्हाड़ी लगी है। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी समीर कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष के लोगों केा गंभीर चोटें आई हैं। इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।