जसवंतनगर। छत पर कपड़ा उतारने गई महिला पर बंदरों ने हमला बोल दिया। डर से भागी महिला का पैर फिसल गया और वह छत से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है।
जसवंतनगर के मोहल्ला लुधपुरा निवासी कारपेंटरी का काम करने वाले कमाल खान की पत्नी मुन्नी बेगम बुधवार शाम मकान की तीसरी मंजिल पर कपड़े लेने गई थी। इस दौरान बंदरों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला बोल दिया। बंदरों के हमला बोलते ही महिला घबरा कर भागी, जिससे उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे पड़ोसी जलालुद्दीन की एक मंजिला छत पर जा गिरी। महिला का सिर फट गया। आनन-फानन में परिजन उसे सैफई आयुर्विज्ञान विवि पहुंचे। हालत में सुधार न होने पर परिजन महिला को लेकर आगरा निकल गए, जहां रास्ते में ही बुधवार रात दो बजे उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।