बसरेहर। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह के हस्तक्षेप के बाद उनकी पार्टी के कार्यकर्ता के चचेरे भाई की मौत के मामले में गैरइरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज किया गया। बुधवार को शिवपाल सिंह पीड़ित परिवार के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों को कोर्ट से सजा भी होगी।
नगला दया चौबिया के रहने वाले प्रसपा संस्कृति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मंजीत यादव के चचेरे भाई देवा उर्फ बबलू (22) छह सितंबर को जैनपुर चौराहे के पास घायल अवस्था में मिले थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों उसे लेकर निजी अस्पताल गए थे, जहां से डॉक्टर ने आगरा रेफर कर दिया था।
आगरा जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। पीड़ित परिवार ने तीन लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगा चौबिया थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले को दुर्घटना बता, परिजनों को टरका दिया था। शिवपाल सिंह यादव के हस्तक्षेप करने के बाद जैनपुर निवासी कुलदीप और दो अज्ञात लोगों पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।