इटावा। पुराना भरथना स्थित प्लाट में बने टैंक में 18 वर्षीय छात्र डूब गया। पर परिजन उसे आनन-फानन में सीएचसी ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में मातम पसर गया। युवक ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी।
कस्बा के मोहल्ला पुराना भरथना आंबेडकर मूर्ति के पास के निवासी राजमिस्त्री भीम प्रकाश का 18 वर्षीय पुत्र अभिषेक उर्फ राजा बुधवार को मोहल्ले की ही एक अन्य गली में स्थित अपने प्लाट पर निर्माणाधीन दीवार पर पानी डालने गया था। राजा देर शाम तक घर नहीं लौटा तो पिता सहित अन्य परिजन उसको ढूंढते हुए प्लाट पर पहुंच गए। खोजबीन के बाद टैंक के पानी में डूबे पुत्र को देखकर आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि प्लाट पर शौचालय के लिए बनाए गए टैंक में पानी भरा था। अभिषेक टैंक में भरे पानी से निर्माणाधीन दीवार आदि पर तराई करने जाता था। कभी-कभी वह टैंक में भरे पानी में नहाकर ही घर वापस आता था। राजा ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। मृतक दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था।
घटना से ताऊ राजेश, संजय आदि परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूर्व चैयरमेन मनोज पोरवाल, भाजपा नेता सुधीर कठेरिया आदि संभ्रांतजनों व मोहल्लेवासियों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।