सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव।
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए अपने पत्ते नहीं खाले। कहा कि आज सिर्फ योग की बात करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सपा की साइकिल यात्रा का शुभारंभ करने आए प्रोफेसर यादव ने कहा कि पीएम मोदी के योग से एक कदम बढ़कर है सपा की साइकिल यात्रा। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने वाले को योग के दस आसन करने की आवश्यकता नहीं है। वह पीएम मोदी के योग के खिलाफ नहीं बल्कि उससे एक कदम आगे बढ़कर साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं।
श्री यादव ने साइकिल चलाने के फायदे गिनाए। कहा कि साइकिल चलाने वाले को कभी हार्ट अटैक, घुटनों या जोड़ों की दिक्कत नहीं होती। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने वाला व्यक्ति निरोगी रहता है। इस मौके पर एमएलसी राकेश यादव, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, चेयरमैन नगर पालिका कुलदीप गुप्ता संटू, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, जनमेजय सिंह भदौरिया, ललित दुबे, मुबारक अंजुम, आनंद यादव टंटी, चंदगीराम यादव, डॉ. आशीष दीक्षित, राकेश यादव ने उनका स्वागत किया।