ऊसराहार थाना क्षेत्र के सरसईनावर मार्ग पर सोमवार रात गोकशी के लिए जा रहीं तीस गायों से भरे ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि आरोपी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर फायरिंग कर भाग गए। पुलिस ने मौके से एक बाइक भी बरामद की है।
सोमवार रात थानाध्यक्ष नासिर हुसैन को सरसईनावर मार्ग पर गायों से भरे एक ट्रक के खडे़ होने की सूचना मिली। इस पर वह, उपनिरीक्षक रामेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय चालक ट्रक स्टार्ट कर रहा था जबकि बाइक सवार एक व्यक्ति उसे रास्ता बता रहा था। आरोपियों ने पुलिस को देखा तो फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया लेकिन बारिश और अंधेरे में आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने गायों भरे ट्रक को कब्जे में ले लिया। गायों को थानाध्यक्ष नासिर हुसैन ने पुलिस की मदद से नीचे उतरवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी गायों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद माधवदास गौशाला दौलतपुरा के सुपुर्द कर दिया गया है। मौके से मिली बाइक को भी कब्जे में लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा।