भरथना स्टेशन पर खड़ी नार्थईस्ट एक्सप्रेस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
आनंद विहार से गुवाहाटी जा रही नार्थईस्ट एक्सप्रेस के इंजन से इकदिल रेलवे स्टेशन के पास गाय टकरा गई। इससे इंजन में खराबी आ गई। ट्रेन को किसी तरह भरथना रेलवे स्टेशन ले जाकर उसका इंजन बदला गया। इसके बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।करीब दो घंटे तक दिल्ली-हावड़ा डाउन रूट प्रभावित रहा।
मंगलवार को इकदिल रेलवे स्टेशन फाटक पर पोल संख्या 1147/2 के पास सुबह 11.53 बजे 12506 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के इंजन से गाय टकरा गई। जिससे उसके इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। ट्रेन इकदिल रेलवे स्टेशन की डाउन लाइन पर रुकी रही। इसकी वजह से डाउन लाइन पर पीछे से आ रही ट्रेन 2820 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और 8102 मुरी एक्सप्रेस को इकदिल लूप लाइन से निकाला गया।
इसके बाद ट्रेन को वहां से भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक की डाउन लूप लाइन पर करीब 12.43 बजे ले जाया गया। उसका इंजन काट कर इकदिल से मालगाड़ी के इंजन को लाकर लगाया गया। ट्रेन को 2.10 बजे रवाना किया गया।