बकेवर (इटावा)। थाने में खड़े मौरंग लदे ट्रकों के राजस्व बकाया के बारे में न्यायालय ने थाना पुलिस से जानकारी मांगी। थाना पुलिस से 5 फरवरी तक जानकारी देने का निर्देश दिया है। अब थाना पुलिस संबंधित विभागों से ट्रकों पर राजस्व बकाया की जानकारी कर रही है। पहले न्यायालय ने ट्रकों को खनिज राज्य सरकार के पक्ष में जमा करा कर ट्रकों को रिलीज करने का थाना पुलिस को आदेश जारी किया था। इस पर एसडीएम भरथना ने जुर्माना संबंधित विभागों के न जमा करने के चलते रोक लगवा दी थी।
थाना पुलिस बकेवर के न्यायालय के आदेश पर भी मौरंग लदे ट्रक न छोड़े जाने के बाद थाना में खड़े ओवरलोड मौरंग लदे खड़े 15 ट्रकों के मालिक लोगों ने न्यायालय से दोबारा ट्रकों को छुड़वाने की गुहार लगाई। इस पर जिला न्यायालय ने बकेवर थाना पुलिस को पत्र भेज कर पूछा है। किन नियम के तहत वाहन को अवमुक्त न करने को आदेशित किया गया है। इन मौरंग लदे ट्रकों किस नियम के तहत किन-किन विभागों का कितना राजस्व बकाया है। बकेवर थाना पुलिस मामले से संबंधित विभागों परिवहन, वाणिज्य कर व खनन विभागों से बंद ट्रकों पर कितनी राजस्व धनराशि बकाया है की जानकारी जुटा रही है। न्यायालय ने अपने आदेश में यह भी टिप्पणी की। वह इस संबंध में बकेवर थाना पुलिस द्वारा पूर्व में भेजी गई आख्या से संतुष्ट नही हैं। कार्यवाहक थानाध्यक्ष एसएसआई सुरेश चंद्र ने बताया कि न्यायालय ने जिन ट्रकों पर बकाया की जानकारी मांगी गई है। इसके संबंध में थाना ने परिवहन विभाग, वाणिज्य कर व खनन विभागों को पत्र भेजकर राजस्व के बकाया की जानकारी ली जा रही है। विभागों से जानकारी प्राप्त होते ही न्यायालय को भेजी जाएगी।